कस्टमर केयर की आड़ में साइबर लूट का धंधा, 22 मोबाइल और 19 सिम के साथ 10 गिरफ्तार

देवघर। श्रावणी मेला के बीच देवघर साइबर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जंगल और सुनसान इलाकों में बैठकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 22 मोबाइल फोन और 19 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
बताया गया कि साइबर अपराधी खुद को ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट कंपनियों का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान कैशबैक, ऑफर या अन्य लाभ का झांसा देकर पीड़ितों से ओटीपी और दूसरी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी। इसके बाद उनके बैंक खातों से रकम निकाल ली जाती थी।
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर पुलिस को इस गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी कैलाश महतो के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पथरड्डा ओपी थाना क्षेत्र में छापेमारी की।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध युवक जंगल और सुनसान इलाकों में बैठकर मोबाइल के माध्यम से लोगों को कॉल कर साइबर ठगी कर रहे थे। पुलिस की अचानक कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप मच गया और मौके से सभी 10 आरोपियों को पकड़ लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 22 मोबाइल फोन और 19 सिम कार्ड जब्त किए। पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए कई मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल पहले भी साइबर अपराध में किया जा चुका है। अब पुलिस मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों के पूरे नेटवर्क और उनके संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
साइबर डीएसपी कैलाश महतो के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार दास और रमेश कुमार दास पहले भी साइबर थाना कांड में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल से बाहर आने के बाद दोनों दोबारा किन लोगों के संपर्क में आए और इस नेटवर्क को किस तरह संचालित कर रहे थे।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान लॉबिंद दास, बबलू कुमार दास, झूलन दास, राहुल, सफाउल्लाह अंसारी, अजीत दास, आशीष दास और सिंटू कुमार के रूप में हुई है।
श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालु भी थे टारगेट
श्रावणी मेला के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों की नजर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं पर भी थी। आरोपी मेला के दौरान भी लोगों को अलग-अलग बहाने से अपने जाल में फंसाने की तैयारी में थे।हालांकि, इससे पहले ही साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और इससे जुड़े अन्य सदस्य कौन-कौन हैं।पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को OTP, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

