लातेहार में एसपी का औचक थाना निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन व रात्रि गश्ती पर सख्त निर्देश

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एसपी कुमार गौरव ने हेरहंज थाना का औचक निरीक्षण किया गया। इस अचानक हुए निरीक्षण से थाना परिसर में दिनभर चहल-पहल और सक्रियता देखी गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने हेरहंज थाने के विभिन्न दस्तावेज और रजिस्टरों की बारीकी से जांच की. उन्होंने दर्ज मामलों, सिरिस्ता, और दैनिकी की स्थिति का जायजा लेते हुए पुराने एवं लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्षेत्र में शांति व विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने रात्रि गश्ती और सघन एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान को और अधिक तेज करने के निर्देश दिए।असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
एसपी ने सख्त हिदायत दी कि थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वाले हर फरियादी की बात को संवेदनशीलता और विनम्रता से सुना जाए।पीड़ित की समस्या पर अविलंब कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।निरीक्षण के दौरान अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे स्थानीय नागरिकों से एसपी ने स्वयं मुलाकात की, उनकी शिकायतें सुनीं और मौके पर ही उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं के तुरंत निराकरण का निर्देश दिया.
दौरे के अंत में एसपी ने थाना परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना किया और परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाने का संदेश दिया।

