JSSC CGL विवाद में बड़ा मोड़: सचिव के ठिकानों पर CID की लंबी पड़ताल, अब हर सफल अभ्यर्थी की होगी दस्तावेज जांच

 

राँची। झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL समेत अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही CID ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। CID की टीम ने JSSC सचिव सुधीर गुप्ता के बरियातू स्थित आवास पर छापेमारी की और इसके बाद उन्हें साथ लेकर नामकुम स्थित आयोग कार्यालय पहुंची। यहां देर रात तक परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच और सचिव से पूछताछ की गई।

सुबह करीब 5 बजे डीएसपी वेंकटेश प्रसाद के नेतृत्व में CID की टीम तीन वाहनों से हरिहर सिंह रोड स्थित सचिव के आवास पहुंची। लगभग तीन घंटे की तलाशी के बाद टीम सचिव को अपने साथ लेकर JSSC कार्यालय पहुंची। वहां रात करीब 9:30 बजे तक जांच चलती रही।इस दौरान सचिव का मोबाइल भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। आवास और कार्यालय से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर CID अपने साथ ले गई है। इन दस्तावेजों का अब परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड से मिलान किया जा रहा है।

17 घंटे तक चला जांच-पड़ताल का दौर
सुबह से रात तक चली कार्रवाई के कारण JSSC कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। आयोग का मुख्य गेट बंद रखा गया और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रही। शाम के बाद कर्मचारी और अधिकारी धीरे-धीरे कार्यालय से बाहर निकले।रात करीब साढ़े नौ बजे सचिव को लेकर CID की गाड़ियां आयोग कार्यालय से निकलीं। CID अधिकारियों के अनुसार, आज मंगलवार को सचिव से CID मुख्यालय में भी पूछताछ की जाएगी। इसके लिए उन्हें नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है।

दिल्ली कनेक्शन के बाद सचिव तक पहुंची जांच
JSSC परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच में दिल्ली से गिरफ्तार अरुण कुमार की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अरुण कुमार पर JSSC कनीय अभियंता परीक्षा के पेपर लीक मामले में आरोपी होने का आरोप है। वह परीक्षा आयोजन से जुड़ी बिंसिस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संचालक और सह-निदेशक बताया जाता है।जांच एजेंसी को पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिलने के बाद सचिव के ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

JE परीक्षा में पहले ही वायरल हो गए थे उत्तर
जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि 3 जुलाई 2022 को JSSC ने कनीय अभियंता के 1279 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की थी। आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही पहली पाली के प्रश्नों के उत्तर वायरल हो गए थे। इस मामले में CID को कई आरोपियों से परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों से जुड़ी जानकारियां मिली हैं।

अब जांच के घेरे में आएंगे सभी सफल अभ्यर्थी
JSSC CGL मामले में CID की जांच का अगला चरण बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यानी जांच केवल कुछ संदिग्ध अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रत्येक सफल उम्मीदवार के रिकॉर्ड की पड़ताल होगी।दस्तावेजों के सत्यापन और उपलब्ध रिकॉर्ड के मिलान के बाद ही यह तस्वीर साफ हो सकेगी कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर और किस तरीके से हुई।अब CID की नजर सचिव से पूछताछ, बरामद दस्तावेजों और सफल अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड के बीच संभावित कड़ियों पर है। आने वाले दिनों में जांच से जुड़े और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

error: Content is protected !!