तारापीठ के होटल में तड़के भीषण अग्निकांड: 7 श्रद्धालुओं की झुलसकर मौत, कई गंभीर, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

तारापीठ।पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में एक बहुमंजिला निजी होटल में तड़के लगी विकराल आग ने सात लोगों की मौत हो गई है।वही कई गंभीर रूप से घायल हैं।बताया जाता है कि घटना के समय होटल में ठहरे श्रद्धालु और पर्यटक गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। धुएं से दम घुटने और आग की चपेट में आने से अबतक 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

​तड़के 4:30 बजे धू-धू कर जला होटल, मची अफरा-तफरी

​यह दर्दनाक हादसा तारापीठ पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर, तालाब के पास स्थित बिदिशिनी होटल में हुआ। सुबह लगभग 4:30 बजे होटल के ग्राउंड फ्लोर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते जहरीले धुएं और आग ने पूरी इमारत को घेर लिया। कमरों में सो रहे लोगों की नींद चीख-पुकार के बीच खुली, लेकिन तब तक बाहर निकलने के रास्ते बंद हो चुके थे। मदद पहुंचने से पहले ही आग ने भयावह रूप ले लिया था।

​बचाव दल की कड़ी मशक्कत, खिड़कियां तोड़कर निकाले गए लोग

​घटना की जानकारी मिलते ही तारापीठ और रामपुरहाट थाने की पुलिस के साथ दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी जगह और घने धुएं के बीच दमकलकर्मियों को अंदर दाखिल होने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया गया और खिड़कियां व दरवाजे तोड़कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया।

​रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी, कई की हालत नाजुक

​दमकल और पुलिस की टीम ने घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, कई झुलसे हुए लोगों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गंभीर रूप से घायल लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

​शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका

​दमकल विभाग के प्राथमिक आकलन के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या होटल में अग्निशमन मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मां तारा का आशीर्वाद लेने आए श्रद्धालुओं के लिए यह सुबह गहरे मातम में तब्दील हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।

error: Content is protected !!