दरवाजे पर ताला, कमरे में प्रेमी-प्रेमिका और बाहर पंचायत… पति ने कहा- अब पत्नी को साथ नहीं रखूंगा

दुमका।जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कैराबनी गांव में बुधवार की रात एक विवाहिता से मिलने पहुंचे दूसरे गांव के युवक को लेकर जमकर हंगामा हुआ। महिला के पति की गैर मौजूदगी में उसके घर पहुंचे युवक को देवर ने कमरे में महिला के साथ देख लिया। इसके बाद दोनों को कमरे में ही बाहर से बंद कर दिया गया। रातभर गांव में मामला चर्चा का विषय बना रहा। गुरुवार को महिला का पति गांव पहुंचा तो दोनों को कमरे से बाहर निकाला गया।मामले के बाद गांव में पंचायत बैठी, लेकिन देर शाम तक कोई समाधान नहीं निकल सका।

पति ने साफ कहा- अब साथ रखना संभव नहीं
बताया गया कि महिला का पति काम के सिलसिले में बाहर रहता है। उसकी गैर मौजूदगी में महिला अपने देवर के साथ गांव में रहती थी। इसी दौरान दूसरे गांव के एक युवक से उसकी नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच लगातार मिलना-जुलना होता था।

बुधवार रात युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान देवर को इसकी भनक लग गई। उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीण भी मौके पर जुटने लगे।गांव के प्रधान ने इसकी सूचना महिला के पति को दी। गुरुवार दोपहर बाद पति के पहुंचने के बाद कमरे का ताला खोला गया और दोनों को बाहर निकाला गया।

इसके बाद पति ने ग्रामीणों के सामने पत्नी को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया। उसने कहा कि घटना के बाद उसका पत्नी पर विश्वास नहीं रहा और वह अब उसे अपने साथ नहीं रखेगा। यदि महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है तो उसे इस पर कोई आपत्ति नहीं है।

पंचायत में कई दौर की बातचीत, नहीं निकला रास्ता
घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। दोनों पक्षों की मौजूदगी में कई दौर की बातचीत हुई। पंचायत का उद्देश्य मामले को गांव स्तर पर शांत कर समाधान निकालना था, लेकिन देर शाम तक कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका।पति ने भी कहा कि पंचायत जो फैसला करेगी, वह उसे स्वीकार करेगा। दूसरी ओर, पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस गांव पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

पुलिस की नजर पंचायत के फैसले पर
मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान के अनुसार, मामले को लेकर गांव में पंचायत चल रही है। पति महिला को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत या प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। पंचायत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश जारी है।

 

error: Content is protected !!