राँची रेलवे स्टेशन के बाहर खुलेआम नशा कर हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, जुर्माना वसूलने के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया

राँची।राँची रेलवे स्टेशन के बाहर खुलेआम नशा करने और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के चार दिन बाद चुटिया थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की। थाना प्रभारी पूनम कूजुर के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी बिट्टू सिंह को पकड़कर थाना लाया, जहां उससे COTPA के तहत जुर्माना वसूला गया और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी देते हुए पीआर (पर्सनल रिकग्निजेंस) बॉन्ड पर छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक रेलवे स्टेशन के बाहर सार्वजनिक स्थान पर नशा करते और लोगों से बदसलूकी करते दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद चुटिया थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक की पहचान की और उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में दोबारा इस तरह की हरकत नहीं करने का संकल्प लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया।
चुटिया थाना प्रभारी पूनम कूजुर ने बताया कि थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब दुकानों के बाहर और सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने वालों को खदेड़ा जा रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कानून का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।इस अभियान में सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र मिश्रा, निरंजन महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

