राँची: ब्लैकमेल कर युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने वाला सिरफिरा गिरफ्तार, भेजा गया जेल…

राँची।ब्लैकमेलिंग और साइबर प्रताड़ना का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांके थाना क्षेत्र में रह रही बिहार की एक युवती को अपनी नीच हरकतों का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे एक मनचले को पुलिस ने धर दबोचा है।तस्वीरें सोशल मीडिया पर लीक करने और रिश्तेदारों में वायरल करने की धमकी देकर युवती से सम्बन्ध बनाने की कोशिश कर रहे आरोपी को कांके पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के औरंगाबाद जिले के चौखड़ा अंबा का रहने वाला 28 वर्षीय शत्रुध्न सिंह है। वह पीड़ित युवती को लंबे समय से ब्लैकमेल कर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी का सीधा फरमान था—”या तो मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओ, नहीं तो तुम्हारी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर रिश्तेदारों के पास भेज दूंगा।”युवती जब इस ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से तंग आ गई, तो उसने हिम्मत जुटाई और सीधे कांके थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कुणाल कुमार के नेतृत्व में कांके थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी शत्रुध्न सिंह को सोमवार को धर दबोचा। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के मोबाइल व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच जारी है।इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी या किसी भी तरह के साइबर अपराध का शिकार होता है, तो डरे नहीं। घबराने के बजाय तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर सेल को सूचित करें।

