रीमिक्स फॉल में बड़ा हादसा टला, चौकीदारों ने दिखाई बहादुरी; डूब रहे दो युवकों को बचाया

खूंटी।आज रविवार की छुट्टी पर रीमिक्स फॉल घूमने पहुंचे पर्यटकों के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज बहाव वाले पानी में उतरे दो युवक डूबने लगे। गनीमत रही कि मौके पर तैनात चौकीदारों की सतर्कता और साहस ने कुछ ही मिनटों में दोनों युवकों की जान बचा ली।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक कथित तौर पर नशे की हालत में फॉल के गहरे हिस्से में नहाने के लिए उतर गए। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी काफी तेज था। गहराई का सही अंदाजा नहीं लगने से दो युवक अचानक पानी में फंस गए और डूबने लगे।
हालात बिगड़ते देख सुरक्षा में तैनात चौकीदार इशहाक होरो और रंजीत हंस ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। दोनों ने जोखिम उठाकर युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी चौकीदारों की बहादुरी की सराहना की।
रेस्क्यू के बाद दोनों युवक काफी सहमे हुए थे। उनके साथ आए साथी उन्हें तुरंत वहां से दूसरी जगह ले गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी युवक राँची और आसपास के क्षेत्रों से रीमिक्स फॉल घूमने पहुंचे थे। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।
मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में रीमिक्स फॉल पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ जाती है। पिछले वर्षों में यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी और झरनों में बढ़े जलस्तर को हल्के में न लें। नशे की हालत में पानी में उतरने से बचें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

