ट्रक के गुप्त चैंबर से मिला 320 किलो गांजा, हुसैनाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चालक गिरफ्तार

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 320 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। ट्रक के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपाकर गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

रविवार को हुसैनाबाद थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सह आईपीएस अधिकारी दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि 25 जुलाई की रात पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से जपला मार्ग होते हुए एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन कर जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान यूपी-14 एफटी 6583 नंबर के संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के डाले में लकड़ी से बनाए गए गुप्त चैंबर से प्लास्टिक के 10 बोरों में रखा 320 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद सामग्री गांजा पाई गई।

पुलिस ने ट्रक चालक राजेश यादव, निवासी मदनपुर (छतरपुर थाना क्षेत्र), को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि बरामद गांजा की गुणवत्ता को देखते हुए उसकी खुदरा बाजार में कीमत लगभग ₹1.05 करोड़ से ₹1.50 करोड़ के बीच आंकी जा रही है। वास्तविक कीमत अनुसंधान के दौरान निर्धारित की जाएगी।गिरफ्तार चालक के विरुद्ध हुसैनाबाद थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में मेदिनीनगर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, लाठया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, एसआई संतोष दास, छात्रधारी कुमार सहित पुलिस बल के जवान और चौकीदार शामिल रहे।

error: Content is protected !!