आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे पत्नी और चाचा; पंचायत बैठी, फिर 4 दिन बाद तालाब मिली लाश….पत्नी और चाचा फरार

​चाईबासापश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र स्थित कुंदरुगुटू गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब महाली तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय लक्ष्मण बिरुआ के रूप में की गई है, जो पिछले चार दिनों से अचानक लापता था। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना तुरंत स्थानीय मंझारी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है।

​अवैध संबंध का खुलासा और ग्रामसभा में बढ़ा विवाद

​मामले की तहकीकात में पारिवारिक रंजिश और अवैध संबंधों का खौफनाक पहलू सामने आ रहा है। मृतक के छोटे भाई राकेश बिरुआ ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि लक्ष्मण की पत्नी और उसके चाचा गंगाराम बिरुआ के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध चल रहे थे।राकेश के अनुसार, कुछ दिन पहले लक्ष्मण ने अपनी पत्नी और चाचा को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ देख लिया था। इस घटना के बाद गांव में विवाद को सुलझाने के लिए बकायदा ग्रामसभा (पंचायत) बुलाई गई थी। हालांकि, पंचायत के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ। परिजनों ने बताया कि ग्रामसभा के अगले ही दिन यानी गुरुवार से लक्ष्मण अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो रविवार को तालाब से उसकी लाश बरामद हुई।

​हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से फेंका शव

​ग्रामीणों और परिजनों का दावा है कि मृतक के गले और शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के कई गहरे निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि लक्ष्मण की नृशंस हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से शव को गहरे पानी में फेंक दिया गया था। हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण शव उफनाकर पानी के ऊपर आ गया।

​पत्नी और चाचा ससुर फरार, एक हिरासत में

​घटना के बाद से ही मृतक की पत्नी और उसका चाचा ससुर गंगाराम बिरुआ दोनों गांव से फरार हैं। पुलिस ने शक के आधार पर कार्रवाई करते हुए गंगाराम बिरुआ के दोस्त शारदा बिरुआ को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

​फरार मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। मंझारी थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!