राँची से दिनदहाड़े अपहरण, रामगढ़ के कुजू में पुलिस की घेराबंदी से युवक सकुशल मुक्त; पांच आरोपी दबोचा गया..

 

रामगढ़।राँची से अगवा किए गए एक युवक को कुजू पुलिस और राँची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो वैन को जब्त करते हुए पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी राजू साव का शनिवार को कथित तौर पर पुराने विवाद के कारण अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ता उन्हें बोलेरो वैन (जेएच 02बीएच/0714) में बैठाकर रामगढ़ जिले के घाटो ओपी क्षेत्र की ओर ले जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना और राँची सदर थाना की पुलिस हरकत में आ गई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान रामगढ़ जिले की कुजू पुलिस को भी अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही कुजू थाना पुलिस ने नया मोड़ फोरलेन पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन निगरानी शुरू कर दी।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध बोलेरो वहां पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया और उसके अंदर से अपहृत युवक राजू साव को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके से वाहन समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो को कुजू में जब्त कर लिया गया है, जबकि गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए राँची पुलिस अपने साथ ले गई है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपहरण के पीछे केवल पुराना विवाद था या इसके पीछे कोई और साजिश भी शामिल है।

 

error: Content is protected !!