बोकारो में साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 9 आरोपी गिरफ्तार,बिहार तक जुड़े तार

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।जांच में सामने आया कि ये आरोपी बोकारो में किराए के मकान में रहकर लोगों को बैंककर्मी और टूर-ट्रैवल एजेंट बनकर ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह के तार बिहार से जुड़े हैं, जहां बैठे इनके संरक्षकों की तलाश तेज कर दी गई है।एसपी नाथू सिंह मीणा के मुताबिक,आरोपी खुद को बैंक अधिकारी या आरएम टूर एंड ट्रैवल्स का एजेंट बताकर लोगों का भरोसा जीतते थे। इसके बाद विभिन्न बहानों से उनसे पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। लंबे समय से यह गिरोह संगठित तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।

पुलिस ने सम्राट कुमार विनय, निरंजा कुमार, सुदामा कुमार, नीतीश कुमार, सुबोध कुमार, प्रेमचंद कुमार, धर्मराज कुमार, बृजेश कुमार और रवि प्रभाकर को गिरफ्तार किया है। इनमें सम्राट कुमार विनय बोकारो सेक्टर-3 का रहने वाला है, जबकि बाकी आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 43,100 रुपये नकद, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 9 सिम कार्ड और 10 मोबाइल फोन बरामद किए। जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी,उन्हें भी बैंक के सहयोग से होल्ड करा दिया गया है।पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का पूरा नेटवर्क बिहार से संचालित हो रहा था। पुलिस अब उन लोगों की तलाश में जुटी है, जो पर्दे के पीछे रहकर इस साइबर गैंग को संरक्षण दे रहे थे। पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर बड़े खुलासे की तैयारी की जा रही है।

एसपी ने साफ कहा कि जिस मकान में रहकर साइबर ठगी का खेल चल रहा था, उसके मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गिरफ्तार सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

बोकारो पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

error: Content is protected !!