राँची: प्यार में धोखा और जबरन गर्भपात कराने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, भेजा गया जेल

राँची। राजधानी राँची की चुटिया थाना पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराध के मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त पियूष चंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर आज, 12 जुलाई 2026 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दरअसल,पीड़ित युवती ने चुटिया थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2024 से ही आरोपी पियूष चंद्र गुप्ता (पिता- धर्मेंद्र गुप्ता) उसे शादी का झांसा देकर उसका लगातार यौन शोषण कर रहा था। इसी बीच 06 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने उसे दोबारा अपने घर बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके करीब एक महीने बाद जब पीड़िता को अपने गर्भवती होने का पता चला, तो उसने इसकी जानकारी पियूष को दी।
आरोप है कि सच सामने आने के बाद पियूष और उसकी माँ ने मिलकर एक बड़ी साजिश रची। उन्होंने पीड़िता को फिर से शादी का झांसा दिया और धोखे से उसका जबरन गर्भपात करा दिया। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब गर्भपात कराने के बाद आरोपी माँ-बेटे ने अपने पैर पीछे खींच लिए और पीड़िता से शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता की इस लिखित शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने फौरन एक्शन लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चुटिया थाना कांड संख्या 53/26 दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का झांसा देकर यौन शोषण) और धारा 89 (जबरन गर्भपात कराना) के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कूजुर के निर्देश पर मामले की तफ्तीश सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र मिश्रा को सौंपी गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पियूष चंद्र गुप्ता को धर दबोचा। आरोपी का वर्तमान पता चाय बागान (नामकुम) है, जबकि वह मूल रूप से चुटिया थाना क्षेत्र के कमरू टोली का रहने वाला है। आज कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी पियूष को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

