मुरी-राँची रेलखंड पर शनिवार को दो हादसे: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, लगाम रेलवे फाटक के पास एक और अज्ञात शव मिला

​राँची।मुरी-राँची रेलखंड पर शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में हावड़ा-राँची एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में पुलिस ने रेलवे फाटक के पास से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है।

दोस्त की शादी में आया था युवक, शौच के दौरान हुआ हादसा

​शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे सिल्ली कोंचाजारा के समीप मुरी-राँची रेलखंड पर हावड़ा-राँची एक्सप्रेस की चपेट में आने से 20 वर्षीय मनोहर महतो की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिल्ली के चोकेसेरेंग गांव निवासी नरसिंह महतो के पुत्र के रूप में की गई है। मनोहर जमशेदपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर अपने घर आया था।परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, मनोहर शुक्रवार को अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात उसने सिल्लीडीह के एक होटल में दोस्तों के साथ खाना खाया और शराब का सेवन किया था। इसके बाद वह होटल के बाहर ही सो गया। शनिवार सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल को वहीं छोड़कर रेलवे लाइन के किनारे शौच के लिए निकला था। इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वह हावड़ा-राँची एक्सप्रेस की चपेट में आ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

मुरी लगाम रेलवे फाटक के पास मिला अज्ञात शव

​इसी रेलखंड पर शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे एक और शव बरामद किया गया। मुरी ओपी क्षेत्र के अंतर्गत मुरी लगाम रेलवे फाटक के समीप पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मृत व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी थी। फिलहाल पुलिस दोनों ही मामलों की गहराई से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!