सरायकेला में डीजीपी का सख्त संदेश: अपराधियों की खैर नहीं, कानून-व्यवस्था पर हाई लेवल मंथन

 

सरायकेला।झारखण्ड में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को सरायकेला जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा और कोल्हान प्रक्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने सरायकेला पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया और अधिकारियों को अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दिए।

जिले में आगमन पर परिसदन (गेस्ट हाउस) में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का औपचारिक स्वागत किया गया। पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद डीजीपी ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान डीजीपी ने साफ संदेश दिया कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक आधुनिक, त्वरित और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए नियमित गश्त बढ़ाने, खुफिया तंत्र को और मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर संवेदनशील गतिविधि पर पैनी नजर रखने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

समीक्षा बैठक में सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, डीएसपी मुख्यालय सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक और सुरक्षा दृष्टि से डीजीपी का यह दौरा जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

error: Content is protected !!