बीयर से लदा ट्रक पलटा, सड़क पर बिखरी कैन…जिसे जितना मिला, लेकर चलता बना…

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने कुछ देर के लिए पूरे इलाके को चर्चा का विषय बना दिया। गोला थाना क्षेत्र के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर संधवैय घाटी के पास बीयर से लदा एक एलपी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया, लेकिन ट्रक में लदी बड़ी संख्या में कैन बीयर सड़क पर बिखर गई।
ट्रक पलटा… और मौके पर जुट गई भीड़
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सड़क पर बिखरी कैन बीयर लोगों के हाथ लगते ही कई लोग उन्हें उठाकर अपने साथ ले जाने लगे। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस पहुंची, संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। भीड़ को हटाया गया और ट्रक में बची हुई बीयर की सुरक्षा के लिए पैंथर जवानों व चौकीदारों की तैनाती कर दी गई। पुलिस की निगरानी में पूरे इलाके की घेराबंदी की गई ताकि बचा हुआ माल सुरक्षित रखा जा सके।
1400 पेटी बीयर लेकर हजारीबाग जा रहा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक बोकारो के बालिडीह स्थित गोदाम से करीब 1400 पेटी कैन बीयर लेकर हजारीबाग जा रहा था। संधवैय घाटी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या सड़क की परिस्थितियों के कारण हुई।
दूसरे ट्रक में शिफ्ट की गई बची हुई खेप
घटना की सूचना मिलते ही बीडीपीएल कंपनी के प्रतिनिधि राकेश चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ट्रक में सुरक्षित बची बीयर को दूसरे वाहन में लोड किया गया और उसे हजारीबाग के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं क्षतिग्रस्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि सड़क पर बिखरी बीयर और उसे समेटने के लिए उमड़ी भीड़ ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके को सुर्खियों में ला दिया।

