राँची के सबसे सुरक्षित अशोक नगर में चोरों का धावा, 200 मीटर के दायरे में दो बड़े बिल्डरों के घर बने निशाना; AK-47 से मिसफायर, बॉडीगार्ड घायल

राँची।राजधानी राँची के सबसे सुरक्षित, हाई-प्रोफाइल और वीआईपी इलाकों में गिने जाने वाले अशोक नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त बड़े सवाल खड़े हो गए, जब महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित शहर के दो चर्चित बिल्डरों के आवास पर एक ही रात चोरों ने धावा बोल दिया। एक घर में चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए, जबकि दूसरे घर में चोरी की कोशिश के दौरान ऐसा घटनाक्रम हुआ कि बिल्डर के बॉडीगार्ड की एके-47 राइफल से अचानक गोली चल गई और वह खुद ही गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद पूरे अशोक नगर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राँची पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच चलती रही।

पहला निशाना बने एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक निशित केसरी

जानकारी के अनुसार, देर रात करीब दो बजे एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक और चर्चित बिल्डर निशित केसरी के आवास पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई। घर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों को चोरी की आशंका हुई। इसी दौरान एक बॉडीगार्ड अपनी एके-47 राइफल लेकर बाहर निकला। गेट के पास पहुंचते ही अचानक राइफल से गोली चल गई। गोली सीधे बॉडीगार्ड को ही लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला राइफल से हुए मिसफायर का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में भी बॉडीगार्ड के हथियार से गोली चलने की पुष्टि हुई है।

दूसरे बिल्डर के घर से लाखों की चोरी

इधर, चोरों ने इसी रात त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक और बड़े कारोबारी अखिलेश पांडे के अशोक नगर स्थित आवास को भी निशाना बनाया। नकाबपोश चोर पाइप के सहारे घर में दाखिल हुए और बेखौफ अंदाज में घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी समेटकर उसी रास्ते से फरार हो गए।सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

चेहरा ढककर पहुंचे थे चोर, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे ताकि पहचान न हो सके। हालांकि उनकी पूरी गतिविधि घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

मौके पर पहुंचे शहर के बड़े पुलिस अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा, कोतवाली एएसपी, हटिया डीएसपी समेत कई थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रात करीब दो बजे निशित केसरी के आवास पर चोर के आने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड एके-47 लेकर बाहर निकला, जहां गेट के पास उसकी राइफल से गोली चल गई और वह घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना में अखिलेश पांडे के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। दोनों मामलों की जांच जारी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अशोक नगर को राजधानी का सबसे सुरक्षित और हाई-सिक्योरिटी इलाका माना जाता है, जहां बड़े कारोबारी, वरिष्ठ अधिकारी और प्रभावशाली लोग रहते हैं, वहीं एक ही रात में 200 मीटर के दायरे में दो बड़े बिल्डरों के घरों तक चोर पहुंच गए। एक जगह चोरी कर लाखों का माल लेकर फरार हो गए और दूसरी जगह चोरी की कोशिश के दौरान हथियार चलने जैसी गंभीर घटना हो गई।

अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और आसपास के संदिग्धों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। पूरे मामले ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!