2 लाख का इनामी, पुलिस की पकड़ से बाहर… और फिर सीधे कोर्ट में सरेंडर;हिमांशु हत्याकांड के मास्टरमाइंड बोदरा ने सबको चौंकाया..

 

जमशेदपुर। जिस अपराधी की तलाश में पुलिस दिन-रात छापेमारी कर रही थी, जिस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था और जिसे पकड़ने के लिए शहर से लेकर दूसरे राज्यों में संभावित ठिकानों तक जाल बिछाया गया था, उसने आखिरकार पुलिस को चकमा देते हुए अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा बुधवार को बदले हुए हुलिये में चुपचाप जमशेदपुर कोर्ट पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह देखते ही रह गई।बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए बोदरा ने बाल और दाढ़ी कटवाकर अपना हुलिया बदल लिया था। लगातार बढ़ते पुलिस दबाव, संभावित एनकाउंटर और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की आशंका के बीच उसने अदालत की शरण लेना ही बेहतर समझा। अब अदालत की अनुमति के बाद पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

2 लाख का इनामी, पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में था शामिल
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद से ही विश्वनाथ मंडल फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।

27 जून की रात हुई थी सनसनीखेज हत्या
27 जून की रात जमशेदपुर में हिमांशु सिंह की पुलिस के सामने ही बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ही है। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

अब रिमांड पर होगी पूछताछ, कई राज खुलने की उम्मीद
आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अब जमशेदपुर पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार, हत्या की असली वजह और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है—

क्या बोदरा की चुप्पी टूटेगी?

क्या हिमांशु सिंह हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश सामने आएगी?इन सवालों के जवाब अब पुलिस रिमांड की पूछताछ में तलाशे जाएंगे।

 

error: Content is protected !!