राँची:समुद्र देखने पुरी चले गए थे धुर्वा से लापता तीनों बच्चे, दो सोमवार को सकुशल बरामद,एक पहले ही बरामद हुआ था, अपहरण की आशंका खत्म

 

राँची।राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए तीनों नाबालिग बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इनमें से एक अर्जुन नामक को बच्चे को 14 जून को ही बरामद कर लिया गया था, जबकि शेष दो बच्चे करण शर्मा और शिवा नायक को सोमवार को ओडिशा से सुरक्षित बरामद कर राँची लाया गया। तीनों बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बच्चे अपनी मर्जी से घर से निकले थे। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे समुद्र देखने की इच्छा के कारण ओडिशा के पुरी चले गए थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे पहली बार समुद्र की लहरें देखना चाहते थे और इसी उद्देश्य से बिना किसी को बताए घर छोड़ दिया। जांच के दौरान अब तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है जिससे यह लगे कि बच्चों को किसी ने बहलाया-फुसलाया था या उनका अपहरण किया गया था।

बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य इनपुट के आधार पर लगातार छानबीन की। इसी दौरान बच्चों की लोकेशन ओडिशा के पुरी में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में फिलहाल अपहरण या किसी आपराधिक साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं। फिर भी सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। बच्चों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने यात्रा की योजना कैसे बनाई, वहां तक कैसे पहुंचे और इस दौरान किन-किन लोगों के संपर्क में आए।

सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। परिजनों ने बच्चों के सुरक्षित लौटने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार की गई तलाश के लिए आभार व्यक्त किया है।

राँची पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें और यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई दे या वह बिना बताए घर से कहीं चला जाए, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर दी गई सूचना से बच्चों का जल्द पता लगाने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिल सकती है।

 

error: Content is protected !!