स्टेशन से तमिलनाडु जाने की तैयारी में मिले 11 नाबालिग, चक्रधरपुर में संयुक्त अभियान से हुआ रेस्क्यू

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को चलाए गए संयुक्त अभियान में 11 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि सभी बच्चे काम की तलाश में तमिलनाडु जाने की तैयारी में थे। संभावित बाल श्रम और पलायन की आशंका को देखते हुए पुलिस और संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों को संरक्षण में ले लिया।
यह अभियान चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जिला बाल संरक्षण इकाई, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कर्रा सोसायटी की टीम ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान मिले सभी 11 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देश पर बच्चों को देखभाल और संरक्षण के लिए बाल कुंज तथा छाया बालिका गृह भेज दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि नाबालिग बच्चों के पलायन, बाल श्रम और मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों को बाहर भेजने के पीछे कौन लोग शामिल थे।
अधिकारियों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि यदि किसी नाबालिग को नौकरी या रोजगार के बहाने बाहर ले जाने की कोशिश की जा रही हो या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।

