सचिवालय सेवा के अफसरों के लिए जरूरी खबर: बिना परीक्षा पास किए नहीं मिलेगी तरक्की, 22 अगस्त से इम्तिहान

-राजस्व परिषद ने तय की तारीखें; प्रोमोशन और करियर ग्रोथ के लिए सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों को देनी होगी विभागीय परीक्षा, 6 जुलाई से आवेदन
राँची।झारखण्ड सचिवालय सेवा में कार्यरत सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों के लिए आगे की राह बिना परीक्षा पास किए आसान नहीं होने वाली है। अधिकारियों को अपने करियर में आगे बढ़ने और पदोन्नति (प्रोमोशन) का लाभ लेने के लिए अब आगामी अगस्त महीने में होने वाली विभागीय परीक्षा की बाधा को पार करना ही होगा। राजस्व परिषद, झारखण्ड (राँची) ने इस महत्वपूर्ण परीक्षा का बिगुल फूंक दिया है. उप सचिव घनश्याम प्रसाद के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, यह विभागीय परीक्षा आगामी 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी.
विभागीय नियमों के तहत सचिवालय सेवा के अफसरों के लिए इस परीक्षा को पास करना बेहद जरूरी माना जाता है, क्योंकि इसके बिना उनकी सेवा संपुष्टि और अगली उच्च प्रोन्नति के रास्ते बंद हो जाते हैं।
डिजिटल मोड में परीक्षा फॉर्म: 6 जुलाई से खुलेगा पोर्टल
राजस्व परिषद ने इस बार परीक्षा की पूरी प्रक्रिया को हाईटेक करते हुए ऑनलाइन मोड में कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य अधिकारियों को परिषद के आधिकारिक वेब पोर्टल https://bor.jharkhand.gov.in पर जाकर आवेदन करना होगा।
इन तारीखों का रखें खास ख्याल:
-ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत: 06 जुलाई 2026 से
-आवेदन करने की आखिरी डेडलाइन: 05 अगस्त 2026 तक।
-नोडल अफसरों द्वारा वेरिफिकेशन की तिथि: 12 अगस्त 2026 तक।
-एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का मौका: 17 अगस्त 2026 से.
फॉर्म में चूक हुई, तो पासिंग मार्क्स में नहीं मिलेगी छूट
परीक्षा को लेकर राजस्व परिषद ने एक और सख्त हिदायत दी है. परीक्षा पास करने के लिए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को न्यूनतम पासिंग मार्क्स (उत्तीर्णता) में जो विशेष छूट मिलती है, उसका लाभ वे तभी ले पाएंगे जब ऑनलाइन फॉर्म भरते समय अपनी आरक्षण कोटि की जानकारी बिल्कुल स्पष्ट रूप से दर्ज करेंगे। फॉर्म में जानकारी न देने पर उन्हें सामान्य अभ्यर्थियों की तरह ही अंक लाने होंगे।

