गिरिडीह: दस एकड़ में लगे गन्ने की फसल में लगी आग

गिरिडीह/बगोदर। जिले के अटका पूर्वी पंचायत के लक्षीबागी-कुबरीटांड़ में बुधवार दोपहर 12 बजे 10 एकड़ में लगी गन्ने की फसल में आग लग गई। इससे किसानों के लाखों रुपये की फसल बर्बाद हो गई। फसल में आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। करीब दो-तीन घंटे तक फसल जलती रही। फसल का नुकसान होने से किसानों की कमर टूट गई।

किसानों ने बताया कि दोपहर के समय घर में थे। इसी दौरान पता चला कि गन्ने के खेत में आग लग गई है। इसके बाद खेत गए। आग की लपटें जहां तक गईं वहां तक फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसानों ने बताया कि पिछले वर्ष लॉकडाउन के समय गन्ने की फसल लगाए थे। जल जाने से फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने सरकार से क्षतिपूर्ति की मांग की है। इधर, आग लगने की सूचना मिलने पर निवर्तमान जिप सदस्य पूनम महतो, पवन महतो, जन सहारा केंद्र के सचिव ओमप्रकाश महतो, रंजीत मेहता पहुंच कर मुआयना किया और किसानों हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।

इन किसानों की फसल का हुआ नुकसान:

श्याम लाल साव, लक्ष्मण नायक, महेंद्र साव, राजू साव, टेक नारायण साव, होरिल साव, डुगलाल साव, परमेश्वर साव, युगल साव, भरत साव, राजेश साव, दौलत साव, नारायण साव, रोहित दुलार चंद साव, लक्ष्मण साव, जगदीश साव, सीटन साव, मानिक साव, घनश्याम साव, भोला साव समेत कई किसानों की फसल का नुकसान हुआ है।