नशे के सौदागरों की अब खैर नहीं..राँची पुलिस ने एक हफ्ते में 30 से ज्यादा नशे के कारोबारियों को भेजा जेल,बीते 48 घंटे में 13 नशा तस्कर गिरफ्तार

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए राँची पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। ‘सेवा ही लक्ष्य’ के ध्येय वाक्य के साथ सीनियर एसपी राकेश रंजन के कड़े निर्देश पर जिले में नशा मुक्ति और सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम के तहत पुलिस ने बीते 48 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त 13 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।विगत एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो राँची पुलिस अब तक 30 से अधिक नशा कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

सिटी एसपी के नेतृत्व में बनी थी स्पेशल टीम

​नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक हटिया,सदर और नगर के साथ-साथ कई अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने शहर के विभिन्न संभावित और संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ सघन छापेमारी कर इन अपराधियों को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ और प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं, जो इस प्रकार हैं:

ब्राउन शुगर: 8.60 ग्राम

गांजा: 1.874 किलोग्राम

Nitrosun 10 टैबलेट: 2 पत्ता (कुल 18 टैबलेट)

Alprazolam टैबलेट (0.5 mg): 5 पत्ता (कुल 50 टैबलेट)

मोरफिन: 13 पीस

अन्य सामान: 03 पीस मोबाइल और 01 स्कूटी

पकड़े गए आरोपियों में शहर के विभिन्न इलाकों के शातिर तस्कर शामिल हैं:

रंजन कुमारसीताराम ठाकुर (दोनों निवासी: कुम्हार टोली, पुरुलिया रोड, थाना- लोअर बाजार)

फिरोद अंसारी (निवासी: कलाल टोली, थाना- लोअर बाजार)

इबरार अंसारी (निवासी: कोनका रोड, कर्बला चौक, थाना- लोअर बाजार)

लक्की कुमार महतो (निवासी: मौसीबाड़ी, थाना- धुर्वा)

मो० अख्तर (निवासी: कुम्हार टोली, थाना- डोरण्डा)

मो० जमील अंसारी (निवासी: बेलदार मुहल्ला, थाना- डोरण्डा)

रवि कुमार (निवासी: प्रकाश नगर, बिरसा चौक, थाना- डोरण्डा)

राहुल सिंह (निवासी: शुक्ला कॉलोनी, हिनू बस्ती, थाना- डोरण्डा) — बता दें कि राहुल सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ डोरण्डा थाना में पहले से कांड संख्या 259/24 दर्ज है।

अत्या वारिस उर्फ अताया (निवासी: दर्जी मोहल्ला, अंसारी लेन, थाना- डोरण्डा)

मोबारक उर्फ इमरोज (निवासी: मक्का मस्जिद के पास, थाना- हिन्दपीढ़ी)

अजय राम (निवासी: सरकारी फ्लैट नं- 15/04, खादगढ़ा, थाना- सुखदेवनगर)

परवेज आलम (निवासी: हरमु आजाद हिंद नगर, थाना- अरगोड़ा)

इन सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छोटे हो या बड़े… कोई भी नशा कारोबारी बख्शा नहीं जाएगा: SSP

​मामले की जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि नशे के इस अवैध काले कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह छोटा कारोबारी हो या बड़ा। पुलिस का यह कड़ा अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

​साथ ही राँची पुलिस ने आम नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे नशे के दुष्प्रभावों को समझें, नशामुक्त जीवन अपनाएं और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को देकर सहयोग करें।

error: Content is protected !!