प्रेम प्रसंग के शक में महिला और युवक को अर्द्धनग्न कर गांव में घुमाया, जूतों की माला पहनाकर की पिटाई;पति सहित 30-40 लोगों पर केस दर्ज,आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी..

 

पाकुड़।जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। प्रेम प्रसंग के संदेह में एक महिला और एक युवक को ग्रामीणों ने कथित तौर पर बेरहमी से पीटा, अर्द्धनग्न किया और जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

जानकारी के अनुसार, 26 जून की रात महिला के पति ने उसे साहिबगंज के एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा किया। इसके बाद गुस्साए पति ने कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर दोनों की पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और भीड़ ने दोनों को कथित तौर पर अर्द्धनग्न कर जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान कुछ लोग मारपीट करते रहे, जबकि अन्य लोग घटना का वीडियो बनाते रहे।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला एवं युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। दोनों को थाना लाने के बाद इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पीड़िता की शिकायत पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के पति समेत पांच नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।

पुलिस के अनुसार, महिला और उसके पति के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पीड़िता और युवक को पुलिस निगरानी में रखा गया है।

थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!