गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रहा टोटो बना हादसे का शिकार, दो की मौत, चार जिंदगी की जंग लड़ रहे

राजमहल।साहिबगंज जिले के उधवा-राजमहल मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पांच माह की गर्भवती महिला को इलाज के लिए राजमहल अस्पताल ले जा रहा टोटो जामनगर के पास तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आ गया। आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में टोटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे सभी लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजा।
मृतकों की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के बालूटोला-चुवार निवासी 46 वर्षीय एईसुद्दीन शेख और 52 वर्षीय नुवाहार बीवी के रूप में हुई है। वहीं 26 वर्षीय यास्मीन खातून, 45 वर्षीय रहीम शेख, 54 वर्षीय तफनारा बीवी तथा टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टर उदय टुडू ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया।उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हसनैन अंसारी और पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और टोटो को जब्त कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

