चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 912 किलो डोडा बरामद; यूपी भेजने की थी तैयारी, तस्कर फरार

चतरा। झारखण्ड के चतरा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए 912 किलोग्राम अवैध डोडा जब्त किया है। बरामद खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.36 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस खेप को उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
गुप्त सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम नागरगोजे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर (धनियोना) गांव में छापेमारी की। यहां जंगाली गंझू के पुराने मिट्टी के मकान से बोरियों में छिपाकर रखा गया 912 किलो डोडा बरामद किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी का बैंक पासबुक भी पुलिस ने जब्त किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस के मुताबिक, यह खेप लावालौंग से मनातू और पलामू के रास्ते उत्तर प्रदेश भेजी जानी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15C, 18B और 29 के तहत कांड संख्या 02/2026 दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में लावालौंग थाना के सब-इंस्पेक्टर विधायक प्रसाद यादव, सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदारों की अहम भूमिका रही। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ शुभम नागरगोजे ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

