बहन की शादी से पहले घर में पसरा मातम, निमंत्रण बांटने निकले दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत

गोड्डा। झारखण्ड के गोड्डा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के समीप निस्तारा गांव के पास फोरलेन NH-133 पर तेज रफ्तार और ओवरटेक की होड़ ने दो युवकों की जान ले ली, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार तीन युवक किसी काम से महागामा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से चल रहे वाहनों की ओवरटेक की कोशिश के बीच उनकी बाइक एक वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में नगर थाना क्षेत्र के कुरमन निवासी चंदन कुमार राय और महागामा के फिरोजपुर निवासी संजीव कुमार राय की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में रिश्तेदार होने के साथ-साथ भाई भी बताए जा रहे हैं। वहीं कुरमन लम्बाटीकर निवासी सन्नी कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतक चंदन राय के पिता अर्जुन राय ने बताया कि आगामी 1 जुलाई को उनकी बेटी काजल कुमारी की शादी है। शादी का निमंत्रण देने के लिए उनका बेटा महागामा जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। पथरगामा थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है।
थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

