चतरा में शर्मनाक वारदात: मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दोनों आरोपी गिरफ्तार
चतरा। झारखण्ड के चतरा जिले से एक बेहद संवेदनशील और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। टंडवा प्रखंड स्थित आम्रपाली परियोजना प्रभावित एक गांव में 18 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की कथित वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता की माँ द्वारा पुलिस को दर्ज कराए गए बयान के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:00 बजे युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान दो युवक वहाँ पहुँचे और उसे बहला-फुसलाकर पास ही के एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहाँ दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क किया।
शिकायत मिलते ही टंडवा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और कांड संख्या 146/26 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। तकनीकी और स्थानीय सुरागों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
टंडवा के इंस्पेक्टर पप्पू शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अर्जुन साव (निवासी: पचड़ा, केरेडारी थाना क्षेत्र और कन्हैया कुमार (निवासी: बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से एक व्यक्ति पीड़िता के ही गांव में डेरा (किराए का कमरा) लेकर रह रहा था। स्थानीय स्तर पर उसकी पहचान होने के कारण पुलिस को उसे ट्रैक करने और दबोचने में बेहद आसानी हुई।
पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए चतरा जिला अस्पताल भेजा है। टंडवा पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और घटना स्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

