तीसरी लाइन के काम ने थामी रेल की रफ्तार, पलामू की लाइफलाइन समेत 14 ट्रेनें रद्द, 16 एक्सप्रेस बदले रास्ते से चलेंगी

 

डालटनगंज।झारखण्ड के पलामू जिले और आसपास के रेल यात्रियों के लिए अगले कुछ दिन परेशानी भरे रहने वाले हैं। रेलवे ने रविवार रात बड़ा नोटिफिकेशन जारी करते हुए 22 से 28 जून तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव की घोषणा की है। थर्ड लाइन निर्माण कार्य के कारण 14 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सोन नगर-पतरातू रेलखंड पर तीसरी लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में है। छिपादोहर और मंगरा स्टेशन के बीच नई लाइन को मुख्य ट्रैक से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य चल रहा है। इसी वजह से ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव करना पड़ा है।

बदले रास्ते से दौड़ेंगी एक्सप्रेस ट्रेनें

22 से 27 जून तक कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग की जगह गढ़वा रोड, गया, डेहरी ऑन सोन और बरकाकाना होकर चलेंगी। प्रभावित ट्रेनों में विशाखापट्टनम-वाराणसी एक्सप्रेस, हटिया-भोपाल एक्सप्रेस, नई दिल्ली-राँची गरीब रथ, राँची राजधानी, शक्तिपुंज एक्सप्रेस, राँची-वाराणसी इंटरसिटी समेत कुल 16 ट्रेनें शामिल हैं।

पलामू की लाइफलाइन पर भी ब्रेक

यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि क्षेत्र की महत्वपूर्ण ट्रेन राँची-सासाराम एक्सप्रेस भी 23 से 27 जून तक रद्द रहेगी। इसके अलावा बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-चोपन, गोमो-बरवाडीह, बरकाकाना-वाराणसी समेत कुल 14 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।

सफर से पहले जांच लें ट्रेन का स्टेटस

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का वर्तमान स्टेटस जरूर जांच लें। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही और अधिक सुगम व तेज होने की उम्मीद है।

एक नजर में

22 से 28 जून तक 14 पैसेंजर ट्रेनें रद्द

22 से 27 जून तक 16 एक्सप्रेस ट्रेनें डायवर्ट

थर्ड लाइन निर्माण कार्य के कारण लिया गया फैसला

राँची-सासाराम एक्सप्रेस भी पांच दिनों तक नहीं चलेगी

यह बदलाव पलामू, गढ़वा, लातेहार और आसपास के जिलों के हजारों रेल यात्रियों को सीधे प्रभावित करेगा।

error: Content is protected !!