बीड़ी पत्ता माफिया पर वन विभाग का बड़ा प्रहार, 430 वनकर्मियों की घेराबंदी में 25 बोरा माल जब्त..

 

लातेहार।झारखण्ड के पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध बीड़ी पत्ता कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया गया।रेंजर उमेश कुमार दुबे और अजय टोप्पो के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में लुकुमखाड़ क्षेत्र से करीब 25 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता बरामद किया गया। वन विभाग के अचानक किए गए इस एक्शन से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है।

वन विभाग ने इस अभियान को पूरी तरह गोपनीय रखा था। तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष योजना के तहत पलामू टाइगर रिजर्व के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ घेराबंदी की गई। अभियान की कमान बेतला रेंजर उमेश दुबे और बरवाडीह रेंजर अजय टोप्पो ने संभाली।

430 वनकर्मी और सुरक्षा बल मैदान में उतरे

ऑपरेशन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इलाके की घेराबंदी और तस्करों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए करीब 430 वनकर्मियों और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था। टीम ने जैसे ही लुकुमखाड़ क्षेत्र में दबिश दी, तस्करों को माल हटाने या सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने का मौका भी नहीं मिल सका।

हालांकि छापेमारी के दौरान किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, लेकिन वन विभाग ने साफ किया है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई को बीड़ी पत्ता तस्करी के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में माफिया नेटवर्क में बेचैनी बढ़ गई है।

error: Content is protected !!