5 सेकेंड में 10 गोलियां दाग जिम संचालक की हत्या,मचा हड़कम्प..सीसीटीवी में कैद हुई गोलीबारी की वारदात…

 

हांसी। हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में गुरुवार सुबह सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई।फव्वारा चौक के पास बाइक सवार हेलमेटधारी बदमाशों ने एक जिम संचालक की सरेआम गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। बदमाशों ने इस पूरी वारदात को महज 5 सेकेंड के अंदर अंजाम दिया और 10 राउंड फायरिंग करके 25 वर्षीय कपिल को मौत के घाट उतार दिया।इस वारदात में जिम के बाहर वार्म-अप कर रही शिखा नाम की एक युवती भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गई।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है।जिम संचालक फव्वारा चौक के पास दुकानों के आगे बने रैंप पर रोज की तरह लड़के-लड़कियों को एक्सरसाइज करवा रहा था। सभी बच्चे कसरत में मशगूल थे कि तभी अचानक मोटरसाइकिल पर दो हमलावर वहां पहुंचे, जिन्होंने खुद को छुपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था।बदमाशों ने बिना एक पल गंवाए जिम संचालक पर बिल्कुल नजदीक से फायरिंग शुरू कर दी।हमलावरों ने महज 5 सेकेंड के भीतर पीठ और सिर को निशाना बनाते हुए 10 गोलियां उतार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस अंधाधुंध गोलीबारी के दौरान वहां वार्म-अप कर रही शिखा नाम की युवती भी चपेट में आ गई।छर्रे लगने की वजह से वह घायल हो गई, जिसे तुरंत हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सामने आते ही इलाके में दहशत फैल गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर बड़ी आसानी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

मर्डर की सूचना मिलते ही हांसी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को सील कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों को भी सबूत जुटाने के लिए बुलाया गया।बताया जा रहा है कि मृतक ने कुछ दिन पहले ही लव मैरिज की थी। उसकी पत्नी अभी मायके में है।शुरुआती जांच में सामने आया है कि कपिल वर्तमान में हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रह रहा था। कपिल पिछले करीब 3 सालों से हांसी में जिम का संचालन कर रहा था।कुछ दिन पहले ही उसने क्रांतिकारी चौक स्थित चहल मार्केट के पास अपनी रेड जिम को नए स्थान पर शिफ्ट किया था।फिलहाल वारदात की वजह साफ नहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए शूटरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

error: Content is protected !!