जॉर्जिया से घसीटकर भारत लाया गया हरियाणा का खूंखार गैंगस्टर वेंकट… एसटीएफ़ के ऑपरेशन से गैंगस्टरों में हड़कंप
गुरुग्राम/नई दिल्ली। हरियाणा एसटीएफ ने एक ऐसे गैंगस्टर को शिकंजे में लिया है, जिसकी तलाश में सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से जुटी थीं। हरियाणा का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग उर्फ वेंकट आखिरकार कानून के हत्थे चढ़ गया। जॉर्जिया में छिपकर अपना गैंग ऑपरेट कर रहे वेंकट को डिपोर्ट कर गुरुवार सुबह भारत लाया गया, जहां दिल्ली एयरपोर्ट पर STF ने उसे दबोच लिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेंकट पर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगवार समेत एक दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।
बसपा नेता हत्याकांड का मास्टरमाइंड
वेंकट का नाम उस वक्त सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया था, जब जनवरी 2025 में अंबाला के नारायणगढ़ में वरिष्ठ बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे वेंकट ही मास्टरमाइंड था।
फर्जी पासपोर्ट से विदेश फरार,हत्या के बाद वेंकट फर्जी
दस्तावेजों के सहारे भारत से भाग निकला और जॉर्जिया में जाकर छिप गया। लेकिन विदेश में बैठकर भी उसने अपराध की दुनिया से नाता नहीं तोड़ा। बताया जा रहा है कि वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की भर्ती कर अपना गैंग चला रहा था।
लॉरेंस बिश्नोई की तर्ज पर बना रहा था गैंग
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, वेंकट ने युवाओं का बड़ा नेटवर्क तैयार कर लिया था और उसका गैंग तेजी से फैल रहा था। उसके काम करने का तरीका चर्चित गैंगस्टरों की तर्ज पर बताया जा रहा है, जहां सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़कर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया जाता था।
STF का बड़ा ऑपरेशन
हरियाणा STF ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए वेंकट तक पहुंच बनाई। जॉर्जिया में हिरासत में लेने के बाद लंबी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और आखिरकार उसे भारत लाकर गिरफ्तार कर लिया गया।
अब STF और अन्य जांच एजेंसियां वेंकट से पूछताछ कर उसके गैंग, विदेशी ठिकानों, फंडिंग नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में अहम जानकारी जुटाने में लगी हैं।

