राँची के रातू में युवक की पीट-पीटकर हत्या पर बवाल:सड़क जाम, आगजनी और हंगामा;दो आरोपी गिरफ्तार
राँची। जिले के रातू इलाके में छेड़खानी के आरोप में रोहित मिर्धा नाम के युवक की पिटाई से हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और आक्रोश पैदा कर दिया है। हत्या के विरोध में गुरुवार को आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और चौक के पास सड़क जाम कर आगजनी की, जिससे राँची-डालटनगंज मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता कमलेश राम का भांजा रोहित मिर्धा पर छेड़खानी का आरोप लगने के बाद उसे कुछ लोगों ने पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि यह मामला केवल छेड़खानी का नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश के तहत हत्या का है, जिसमें जमीन विवाद भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।भाजपा नेता कमलेश राम ने बताया कि कई महीनों से जमीनी विवाद चल रहा है।इस सम्बंध में मामला भी दर्ज कराया गया है।एक सुनियोजित साजिश के तहत भांजे की पीट-पीटकर हत्या की गई है।लेकिन पुलिस मामले को अलग दिशा में ले जा रही है।उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
इधर,रोहित की मौत की खबर फैलते ही गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने रातू चौक के पास राँची–डालटनगंज मार्ग को जाम कर दिया और जगह-जगह टायर जलाकर आगजनी की। इस दौरान सड़क पर भारी हंगामा हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी सहित थाना प्रभारी आदिकांत महतो समेत कई पुलिस अधिकारी लगातार भीड़ को समझाने का प्रयास करते रहे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने लोगों को यह भी आश्वासन दिया कि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के बाद देर शाम भीड़ सड़क से हट गई, जिसके बाद मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। हालांकि पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

