इश्क का खूनी अंजाम:शादी में रोड़ा बने प्रेमी को प्रेमिका ने मंगेतर संग मिलकर उतारा मौत के घाट,प्रेमिका गिरफ्तार…

धनबाद। झारखण्ड के धनबाद जिले में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका होने वाला पति अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

बता दें 31 मई को भौरा ओपी क्षेत्र के काली मेला स्थित दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी का गला रेतकर हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन तथा कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू की।

जांच में खुलासा हुआ कि दिलशाद का एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी बीच युवती का विवाह कहीं और तय हो गया। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध और तय शादी के बीच दिलशाद दोनों के लिए बाधा बन गया था। इसके बाद युवती और उसके होने वाले पति ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

योजना के तहत दिलशाद को सुनसान इलाके में बुलाया गया, जहां उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को श्मशान घाट के पास फेंक दिया गया ताकि मामला छिपाया जा सके।पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून सना चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

error: Content is protected !!