आधी रात घर में घुसे हमलावरों का खूनी खेल: पति की हत्या, पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही…

 

 

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव में घर में सो रहे दंपती पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है।मृतक की पहचान 45 वर्षीय पतिया हांसदा के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी 35 वर्षीय परनी मरांडी गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

मृतक के रिश्तेदारों के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे कुछ अज्ञात लोग पतिया हांसदा के घर में घुस गए और दंपती पर हमला कर दिया। घर से चीख-पुकार और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। पतिया हांसदा और उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़े थे, जबकि बच्चे भयभीत होकर रो रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस और डुमरी एसडीपीओ आबिद खान एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पतिया हांसदा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल परनी मरांडी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया।

परिजनों का कहना है कि पतिया हांसदा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह क्या है, यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है।घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि पतिया हांसदा की हत्या हुई है। हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया है।

error: Content is protected !!