सन्नाटे में रिम्स: 14 दिनों में दूसरे होनहार डॉक्टर की मौत, स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के सर्जरी विभाग के पीजी फर्स्ट ईयर के 32 वर्षीय छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित घर से बरामद किया गया है। इस घटना के बाद से जहाँ एक ओर परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं रिम्स मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और छात्रों के बीच शोक और हड़कंप का माहौल है।

​यह घटना इसलिए भी अधिक परेशान करने वाली है क्योंकि पिछले दो हफ्तों के भीतर रिम्स में किसी छात्र की मौत हुई है।इससे पहले 16 मई को रिम्स में एमबीबीएस के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी थी।अब डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध मौत ने संस्थान की सुरक्षा और छात्रों के मानसिक दबाव पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

​मृतक डॉ. सानु सनल बरवार का परिवार झारखण्ड के चिकित्सा जगत में एक जाना-माना नाम है। वे स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर के पुत्र थे। मूल रूप से राँची के नगड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले डॉ. सानु एक बेहद होनहार डॉक्टर थे। उनकी इस असमय और अचानक हुई मौत से पूरे चिकित्सा जगत और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

​घटना की भनक लगते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच के मुताबिक, डॉ. सानु का शव कटहल मोड़ के पास घर में मिला। कमरे के हालात और शव की स्थिति को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं।

इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

यदि आप या आपका कोई परिचित किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव या कठिन दौर से गुजर रहा है, तो कृपया मदद मांगें। दुनिया में हर समस्या का समाधान है।

error: Content is protected !!