सरायकेला: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कंटेनर में लगी आग,चालक गंभीर
सरायकेला।शनिवार की सुबह सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित पम्मी धर्मकांटा के पास सुबह करीब 6:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। वजन कराने जा रहा एक लॉजिस्टिक कंटेनर ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की जद में आ गया। तार छूते ही चिंगारी बरसी और देखते ही देखते पूरा कंटेनर आग की चपेट में आ गया।
जैसे ही कंटेनर हाईटेंशन लाइन से टकराया, एक जोरदार धमाका हुआ और पूरा वाहन ऊंची-ऊंची लपटों से घिर गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन इस बीच स्थानीय लोगों ने गजब की हिम्मत दिखाई। अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों ने केबिन में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला।ड्राइवर इस हादसे में बुरी तरह झुलस गया है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
वहीं,हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल (अग्निशमन) विभाग की गाड़ियां मौके पर दौड़ीं। कड़ी मशक्कत के बाद धधकती आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग को समय रहते रोक लिया गया, वरना औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण नुकसान और बड़ा हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है
इस हादसे ने स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों और फैक्ट्री कर्मियों ने कड़ा आक्रोश जताते हुए मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्र में लटकते और कम ऊंचाई वाले हाईटेंशन तारों की तुरंत जांच हो।भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू किया जाए।

