धनबाद में आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट, कोयले के अवैध धंधे में गैंगवार से दहला कतरास…

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान बुधवार देर रात गोलियों की आवाज से गूंज उठा। कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। तौसिफ के कंधे में गोली लगने के बाद उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया है। वहीं नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी है और उसका इलाज निचितपुर क्लिनिक में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात करीब एक बजे स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग छाताबाद मैदान की ओर से पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के पास ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट ने भी जवाबी गोलीबारी की। अचानक हुई इस गैंगवार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थानेदार प्रवीण कुमार, अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और गोलीबारी में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

error: Content is protected !!