साहिबगंज:सांप के काटने से एक बच्ची की मौत,एक कि स्थिति गंभीर..
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बुधवार देर शाम जहरीले सांप के काटने से दो लोग शिकार हो गए। इनमें एक 6 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बालक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रक्सी गांव की 6 वर्षीय सोनिया मुर्मू घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन परिजन पहले झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। करीब एक घंटे बाद उसे बरहेट अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोनिया की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं दूसरी घटना लखिया पट्टा गांव की है। बताया गया कि 14 वर्षीय गुंजन माल्टो ढोबडीहा स्थित क्रेशर प्लांट से पहाड़ की ओर जा रहा था, तभी सांप ने उसे काट लिया। परिजन तुरंत उसे बरहेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्नेक वेनम दवा देकर प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे साहिबगंज हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

