सरायकेला:युवक की बेरहमी से हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए फूंक डाला शव,जंगलों में मिला अधजला कंकाल…
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है,जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बाबन बीघा फॉरेस्ट के घने जंगली इलाके में एक युवक का अधजला शव बरामद हुआ है। अपराधियों ने न सिर्फ युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतारा, बल्कि कानून की आंखों में धूल झोंकने और पहचान छुपाने के लिए लाश को आग के हवाले कर दिया। कपाली के जंगलों में फैली इस खौफनाक साजिश के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं।
इस खूनी खेल का शिकार हुआ युवक गौस नगर का रहने वाला मोहम्मद मुस्तकिम था।मुस्तकिम मूल रूप से साइकिल पर घूम-घूमकर चप्पल बेचने का काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जब पुलिस ने शव बरामद किया, तो वह इस कदर जल चुका था कि पहचानना नामुमकिन था। आखिरकार, मौके पर पहुंचे परिजनों ने मुस्तकिम के हाथ की अंगूठी और घटनास्थल से मिले उसके मोबाइल को देखकर चीख-पुकार मचा दी। इसी आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी।
परिजनों ने जो आपबीती सुनाई, वह बेहद चौंकाने वाली और रहस्यमयी है।मुस्तकिम रोज की तरह 24 मई की सुबह घर से निकला था, लेकिन किसे पता था कि वह कभी जिंदा वापस नहीं लौटेगा। शाम करीब 7 बजे परिजनों की मुस्तकिम से फोन पर आखिरी बार बात हुई। उसने बताया कि वह पुडिसिली में है और जल्द ही घर लौट आएगा। लेकिन इस कॉल के तुरंत बाद उसका फोन हमेशा के लिए बंद हो गया।रातभर मुस्तकिम के न लौटने पर परेशान परिजनों ने 25 मई को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस जांच में मुस्तकिम के मोबाइल का आखिरी लोकेशन अंसार नगर मिला था। पुलिस और परिजनों ने वहां काफी खोजबीन की, लेकिन तब तक अपराधी अपनी खूनी साजिश को अंजाम देकर मुस्तकिम की लाश को जंगल में ठिकाने लगा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कपाली थाना प्रभारी धिरंजन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।थाना प्रभारी धिरंजन कुमार ने इस सनसनीखेज हत्याकांड पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा प्रथम दृष्टया यह साफ तौर पर बर्बरतापूर्वक हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाने का मामला है। अपराधियों ने बेहद चालाकी से सबूत मिटाने की कोशिश की है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स (CDR) और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कातिलों के बेहद करीब पहुंच चुकी है। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दरिंदों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश होगा।
इस दर्दनाक हत्याकांड के बाद जहां मुस्तकिम के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस अब अंसार नगर से लेकर बाबन बीघा फॉरेस्ट तक के पूरे रूट को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मुस्तकिम को अगवा कर वहां लाया गया था या किसी करीबी ने ही उसे धोखे से मौत के जाल में फंसाया।

