Ranchi:नामकुम में बिहार के युवक ने लगाई फां’सी, डेयरी के कमरे में मिला शव
राँची।राजधानी राँची के नामकुम थानाक्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहाँ राजा उलातु पंचायत के जिरगी टोली में एक 21 वर्षीय युवक ने फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान अमरजीत कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के लखीसराय का रहने वाला था।
दोपहर में पिता गए थे काम से बाहर
मिली जानकारी के अनुसार, अमरजीत अपने पिता शिवनाथ साह के साथ स्थानीय एक डेयरी फार्म में काम करता था। रोज की तरह दोनों पिता-पुत्र काम पर थे। सोमवार दोपहर लगभग तीन बजे पिता शिवनाथ गायों के लिए कुट्टी (चारा) लेने बाहर गए हुए थे।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
जब शिवनाथ साह कुट्टी लेकर वापस डेयरी लौटे, तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अमरजीत डेयरी के ही एक कमरे में फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में इस घटना की सूचना तुरंत नामकुम थाना पुलिस को दी गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
सूचना मिलते ही नामकुम पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) भिजवा दिया है। पुलिस के अनुसार, आज पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

