शर्मनाक:राँची में डेंटिस्ट की हैवानियत, इलाज कराने गई युवती से की अश्लील हरकत, प्राथमिकी दर्ज
राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां दांत का इलाज कराने गई एक 21 वर्षीय युवती के साथ डॉक्टर द्वारा अश्लील हरकत और छेड़खानी करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इलाज के बहाने की बदतमीजी
यह पूरी घटना टाटीसिलवे बैंक मोड़ स्थित एक क्लिनिक की है। जानकारी के अनुसार, अनगड़ा (हेसल) की रहने वाली पीड़ित युवती शुक्रवार को डॉक्टर शाहिद के पास अपने दांत का इलाज कराने गई थी। पीड़िता ने दर्ज प्राथमिकी (FIR) में आरोप लगाया है कि इलाज के दौरान डॉक्टर शाहिद ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। वह युवती के साथ जबरदस्ती और अश्लील हरकतें करने लगा, साथ ही उसके अंडर गारमेंट्स के रंग और साइज को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछने लगा।
विरोध करने पर चिल्लाई युवती, तब बची जान
पीड़िता के मुताबिक, उसने आरोपी डॉक्टर की इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, लेकिन वह उसे नहीं छोड़ रहा था। इसके बाद सहमी हुई युवती रोने लगी और उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। युवती की आवाज सुनकर घबराए डॉक्टर ने उसे छोड़ा। क्लिनिक से बाहर निकलकर पीड़िता ने तुरंत अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
शनिवार को पीड़िता अपने पिता और परिजनों के साथ टाटीसिलवे थाना पहुंची और आरोपी डॉक्टर शाहिद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थानेदार का बयान:
टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

