पलामू :आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे युवक का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के शहरी क्षेत्र के वैद्य बिगहा मुहल्ला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे शनिवार सुबह 36 वर्षीय अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।इसकी जानकारी मिलने पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।युवक का शव आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे जमीन पर पड़ा हुआ था। मृतक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के छह गहरे जख्म के निशान देखे गए। घटनास्थल पर खून के धब्बे भी बिखरे हुए पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर दी गई है।

सूचना मिलने के बाद हरिहरगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि युवक के सिर और चेहरे पर करीब छह जगहों पर धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले हैं।प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी के अलावा एसआइ संतोष कुमार, एसआइ अविनाश कुमार एवं एएसआइ सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

error: Content is protected !!