उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामला :जेल में बंद सभी 159 अभ्यर्थियों को कोर्ट से मिली जमानत…
राँची।झारखण्ड में उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए 159 अभ्यर्थियों को कोर्ट से जमानत मिल गई है।अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने मामले में सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। शुक्रवार को 159 अभ्यर्थियों को जमानत प्रदान कर दी गई।
बता दें झारखण्ड में हुए उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए 159 अभ्यर्थियों को शुक्रवार को जमानत मिल गई।अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में आरोपियों को 20-20 हजार रुपए का बेल बांड भरने का आदेश दिया है। मामले में कई अभ्यर्थियों की ओर से कई वकीलों ने बेल पर बहस किया और उनका पक्ष मजबूती से रखा।
अदालत में यह बताया गया कि अभ्यर्थियों को जो पेपर मिले थे, उसमें परीक्षा में आए प्रश्न पत्रों में से दो-तीन प्रश्नों के अलावा कोई भी प्रश्न पत्र मैच नहीं कर रहा था।इससे यह सिद्ध होता है कि मामले में 159 अभ्यर्थी दोषी नहीं है।गौरतलब है कि पेपर लीक मामले में 166 आरोपितों को राँची पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
राँची सिविल कोर्ट के वरीय अधिवक्ता अविनाश पांडे ने बताया कि न्यायालय ने यह पाया कि पुलिस के द्वारा जो दस्तावेज पेश किए गए थे, जो 650 पन्नो का था, उसमें यह कहीं भी जिक्र नहीं था कि प्रश्न पत्र लीक हुआ है।केस डायरी में भी ऐसी किसी भी बात का जिक्र नहीं किया गया है।
अधिवक्ता अविनाश पांडे ने बताया कि ऐसे में यह नहीं माना जा सकता था कि प्रश्न पत्र लीक किया गया है।इसी आधार पर 159 अभ्यर्थियों को जमानत प्रदान की गई है।अदालत में सभी जमानत पाने वाले अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि उनका जमानत देने वाले लोग, उनके रिश्तेदार ही हो, साथी ही हो, हर पेशी पर वे लोग अदालत में जरूर पेश हो।
राँची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के रडगांव स्थित अर्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में 11 अप्रैल को पुलिस की टीम ने छापेमारी की थी।पुलिस ने सॉल्वर गैंग के आधा दर्जन समेत 159 अभ्यार्थियों को गिरफ्तार किया था।छापेमारी के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि आरोपी उत्पाद सिपाही प्रश्न पत्र का उत्तर अभ्यार्थियों को रटवा रहे हैं।अभ्यार्थियों से यह कहा गया था कि जिन प्रश्न पत्र का उतर रटवाया जा रहा है, 12 अप्रैल को होने वाली परीक्षा में यही प्रश्न आएगा।इस एवज में अभ्यार्थियों से तीन-तीन लाख रुपए भी लिए गए थे।

