Ranchi: तमाड़ जंगल से सात क्विंटल अफीम-डोडा बरामद, मौके से तस्कर फरार
राँची।नशा तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।लेकिन राँची पुलिस की सतर्कता की वजह से तस्कर डोडे की तस्करी में फेल हो जा रहे हैं.ताजा मामला राँची के तमाड़ इलाके का है।यहां जंगल में डंप करके रखे गए 700 किलो अफीम-डोडा पुलिस ने बरामद किया है। राँची के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा की भारी खेप बरामद की है।रुगड़ी मोड़ के समीप पहाड़ी की तलहटी, कदमडीह के पास जंगल में छिपाकर रखे गए 21 बोरा डोडा को पुलिस ने जब्त किया है।बरामद डोडा का वजन करीब सात क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों में आंकी गई है।
बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर जंगल का लाभ उठाकर डोडा का भंडारण कर रहे हैं।सूचना के आधार पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व स्वयं डीएसपी ने किया।टीम ने सुनियोजित तरीके से जंगल में छापेमारी की और गड्ढे में छिपाकर रखे गए डोडा को बरामद कर लिया।हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि क्षेत्र में बंगाल समेत अन्य राज्यों से अफीम और डोडा की तस्करी की जा रही है, जिस पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर इतनी बड़ी बरामदगी के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि इलाके में नशा तस्करों का नेटवर्क सक्रिय है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.

