हज़ारीबाग पुलिस को मिली बड़ी सफलता:बरही बैंक लूटकांड में बनारस से 3 अपराधी गिरफ्तार, 912 ग्राम सोना, 20 लाख कैश बरामद..

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में 24 अप्रैल को हुई सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हथियार के बल पर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रुपए और किलो के हिसाब से सोना लूटने वाले गिरोह के तीन अपराधी को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में लूटा गया सोना और नकदी भी बरामद की है। 
बता दें 24 अप्रैल की दोपहर करीब 3:15 बजे चार अपराधी बैंक में घुसे और हथियार दिखाकर कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने बैंक का अलार्म सिस्टम डिएक्टिव कर दिया। कर्मचारियों को स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया। इसके बाद 4.22 लाख रुपए नकद और करीब 3.987 किलोग्राम सोना लूटकर चले गए। अपराधियों ने जाते-जाते बैंक के बाहर ताला भी लगा दिया। इसके बाद दो मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।जांच में एक संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी की पहचान हुई, जिससे अपराधियों ने पहले रेकी की थी। इसके आधार पर विभिन्न राज्यों की पुलिस से कॉर्डिनेशन बनाया गया।एसपी अमन कुमार ने एसआईटी का गठन कर लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए अपराधियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ के सहयोग से वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में घेराबंदी कर स्कॉर्पियो सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपए नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने गया रेलवे स्टेशन पर छिपाई गई दो मोटरसाइकिलों की जानकारी दी, जिन्हें बाद में जब्त कर लिया गया।
एसपी अमन कुमार ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने सोशल मीडिया और खबरों के जरिए बैंक में गोल्ड लोन की जानकारी जुटाई थी। करीब 3-4 महीने पहले व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर योजना बनाई गई। एक साल पहले बैंक की रेकी की गई थी।सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इनके खिलाफ बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पकड़े गए तीन आरोपियों में पुलिस ने अंतरराज्यीय बैंक लुटेरा गिरोह के सरगना के साथ तीन अपराधियों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मो. अफजल, पंकज सिंह उर्फ रौनक सिंह और सौरभ यादव उर्फ सोनू बताए गए हैं।पुलिस का कहना है कि ये सभी लंबे समय से बैंक लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
एसपी अमन कुमार ने रविवार को प्रेसवार्ता में मामले में पूरी जानकारी दी।एसपी ने बताया कि लूट के बाद से लगातार यूपी और बंगाल में हजारीबाग पुलिस छापामारी कर रही थी।इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी एसटीएफ से संपर्क किया और फिर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई इसके बाद पुलिस को आरोपियों के वाराणसी में छिपे होने की सूचना मिली।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने सोना, कैश और गाड़ी भी बरामद किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने पूछताछ की तो उनके पास से लूट का सामान बरामद किया गया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह ने झारखण्ड या अन्य राज्यों में पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



