Ranchi:गोद ली बेटी पर माँ की हत्या का आरोप, कब्र से निकाला गया शव,बेटी सहित कई गिरफ्तार …

 

राँची।राजधानी राँची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद अब हत्या की परतें खुलने लगी हैं। डोरंडा के मनीटोला इलाके की रहने वाली करीब 50 वर्षीय महिला का शव दफनाने के बाद पुलिस ने मंगलवार को उसे कब्र से बाहर निकलवाया है।जनाजे में शामिल स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला ने वर्षों पहले एक लड़की को गोद लिया था और उसे अपनी संतान की तरह पाला-पोसा, लेकिन हालिया घटनाक्रम में उसी बेटी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।

बताया जा रहा है कि महिला की मौत के बाद परिजनों को स्वाभाविक कारणों की कहानी बताई गई थी। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी पूरी कर शव को डोरंडा कब्रिस्तान में दफना दिया गया। हालांकि, जनाजे से पहले जब कुछ महिलाओं ने शव पर चोट के निशान देखे, तब संदेह जरूर हुआ, लेकिन उस समय किसी ने खुलकर आपत्ति नहीं जताई।मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब परिवार के कुछ सदस्यों को लड़की की बातचीत पर शक हुआ। इसके बाद डोरंडा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकाला गया। अब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

डोरंडा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।हिरासत में लिए गए अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है।महिला की बेटी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।जांच और कार्रवाई जारी है।

मृतका की पहचान नाहिद परवीण के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेली अपनी बेटी के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि चार साल पहले उनके पति का निधन हो गया था, जो बिजली विभाग में कार्यरत थे।पति की मौत के बाद नाहिद को मिलने वाली पेंशन ही घर का मुख्य सहारा थी। इसी पेंशन के पैसों को लेकर मां-बेटी के बीच अक्सर विवाद होता था, जो अंतत इस खौफनाक घटना में बदल गया। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है।

युवती ने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त को घर बुलाया था। देर रात घर के अंदर नाहिद परवीण के साथ मारपीट की गई और फिर उनकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। अगले दिन शनिवार सुबह युवती ने नाहिद के रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसकी मां बाथरूम में गिर गई हैं और उनकी मौत हो गई है।सूचना मिलने पर नाहिद के रिश्तेदार, जो उत्तर प्रदेश और हजारीबाग में रहते हैं, राँची पहुंचे। बिना किसी गहराई से जांच किए रविवार को नाहिद के शव को दफना दिया गया। हालांकि, घर और मोहल्ले के कुछ लोगों को इस घटना पर संदेह होने लगा।

उन्होंने देखा कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान थे और गले के पास कटे हुए घाव भी थे। यह बात धीरे-धीरे फैलने लगी और अंतत इसकी सूचना पुलिस तक पहुंच गई।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को हिरासत में लिया और थाने में सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी मां की पेंशन के पैसे अपने प्रेमी को देती थी, जिसको लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता था।

नाहिद नहीं चाहती थी कि उसकी बेटी आरोपी युवक से मिले और उसके साथ रहे। लेकिन बेटी अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहिए थी। बेटी और उसके प्रेमी ने हत्या करने की योजना बनाई और इसी विवाद ने उन्हें इस जघन्य अपराध की ओर धकेल दिया।

error: Content is protected !!