तेज रफ्तार में बोलेरो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर…बाइक सवार दंपति की मौके पर मौत,दोनों शादी समारोह से लौट रहे थे…
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के रंका-गोदरमाना एनएच-343 पर बुढ़ापरास के समीप मंगलवार की रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौत हो गयी।मृतकों की पहचान रंका थाना क्षेत्र के चुतरू निवासी लोटन माझी (43 वर्ष) और उनकी पत्नी अनिता देवी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार,लोटन माझी अपनी पत्नी के साथ रंका में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे।रात करीब नौ बजे जब वे समारोह से वापस अपने घर चुतरू लौट रहे थे, तभी बुढ़ापरास के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो (जेएच 03/4338) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर मारने के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।हालांकि, बोलेरो में सवार किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इधर,घटना के तुरंत बाद चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।सूचना मिलते ही रंका पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया।पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और बुधवार की सुबह अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

