राँची:उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक मामले में सरगना तीन दिन, अभ्यर्थी दो दिन की रिमांड पर,पूछताछ जारी..

 

राँची। उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक सॉल्वर गिरोह मामले में हुए सरगना समेत पांच मुख्य आरोपियों और तीन अभ्यर्थियों को रिमांड पर लिया गया है। तमाड़ पुलिस ने अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में सभी को पांच दिन की रिमांड पर लेने का आवेदन अदालत में दिया था। अदालत ने सरगना अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद को तीन दिन की रिमांड पर भेजा है।वहीं तीन अभ्यर्थियों को दो दिन की रिमांड पर लेने का आदेश दिया गया है।

सोमवार से रिमांड अवधि शुरू हुई, जो बुधवार को खत्म होगी। अभ्यर्थियों की रिमांड आज मंगलवार को पूरी हो जाएगी। पुलिस इनसे पेपर लीक नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य सफेदपोशों के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश करेगी।सूत्रों का कहना है कि रिमांड के दौरान सरगना और अभ्यर्थियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा रही है। जिससे कि यह पता चल सके कि साजिश कहां से रची गई थी।

इसी मामले में गिरफ्तार 74 अन्य अभ्यर्थियों की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई हुई। 14 से 17 अप्रैल के बीच 150 अभ्यर्थियों ने जमानत याचिका दाखिल की थी।अदालत ने सभी याचिकाओं पर 20 अप्रैल को सुनवाई तय की थी और केस डायरी मांगी थी। सोमवार को केस डायरी पेश नहीं की गई, इसके कारण सुनवाई टल गई और अगली तारीख 25 अप्रैल तय की गई है।

क्या है पूरा मामला?

उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली और पेपर लीक की शिकायतें सामने आई थीं।जांच में पुलिस ने तमाड़ के रड़गांव और अन्य जगहों से सरगना समेत 166 लोगों को हिरासत में लिया था। इसी से पूरे सिंडिकेट का खुलासा हुआ था।

error: Content is protected !!