शुभम यादव हत्याकांड:धनबाद पुलिस की हत्यारे की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी…अपराधियों ने सिर और पेट में मारी थी गोली, इलाज के दौरान मौत…
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में कतरास थाना क्षेत्र के सोनारडीह बाजार में शुक्रवार देर शाम हुई सनसनीखेज गोलीबारी में घायल कोयला कारोबारी और जनता मजदूर संघ से जुड़े शुभम यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।सिर और पेट में गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। इस हाई प्रोफाइल हत्याकांड के बाद कोयलांचल में एक बार फिर अपराध को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जुट गई। शुभम के समर्थकों, परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी
इसी बीच धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही शुभम यादव बाजार पहुंचा, अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक चली गोलियों से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं।आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या कारोबार से जुड़े विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जमृतक शुभम यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उस पर हत्या की साजिश, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, बमबाजी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड में वह आधा दर्जन से अधिक मामलों में आरोपी रहा है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी गई है। अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
शुभम यादव की मौत के बाद कोयलांचल में दहशत का माहौल है। वहीं सरेआम गोलीबारी की यह घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का संकेत दे रही है। हाल के दिनों में धनबाद में क्राइम की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। आए दिन चोरी, चेन लूट, हत्या जैसी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।
घटना के बाद शुभम यादव के घर के आस-पास मातम पसरा हुआ है। परिजन के अलावा रिश्तेदार भी घर के आसपास जमा हो रहे हैं। वहीं जानकारी के अनुसार शुभम यादव के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया।परिजनों ने कतरास के सोनारडीह में ही दाह संस्कार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक के पिता कोलकाता में रहते हैं जबकि इसकी माता बिहार के जमुई में रहती हैं। फिलहाल शुभम यादव अपने दादा-दादी के साथ अपने भाई के साथ सोनारडीह में रह रहा था।
चर्चित शुभम यादव हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हत्या के दूसरे दिन जैसे ही मृतक का शव उनके सोनारडीह स्थित आवास पहुंचा, वहां गम और गुस्से का माहौल दिखा।देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों की चीख-पुकार और सिसकियों से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
मृतक के घर पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह, उप मेयर अरुण चौहान सहित अन्य लोग पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान कारू यादव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान कर मदद का हाथ बढ़ाया, जिससे परिवार को तत्काल राहत मिल सके।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर संजीव सिंह ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक शुभम यादव ने अपनी हत्या से पहले राज्य के डीजीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को एक पत्र लिखा था, जिसमें क्षेत्र के कई खतरनाक अपराधियों के नामों का उल्लेख किया गया था। मेयर ने कहा कि यह पत्र बाघमारा क्षेत्र में सक्रिय अपराधी नेटवर्क की ओर संकेत करता है और इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
इसी दौरान जब पुलिस पदाधिकारी मृतक के घर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लेने अंदर गए, तो वहां का दृश्य बेहद मार्मिक हो गया। मृतक की मां कौशल्या देवी फूट-फूट कर रोने लगीं। सिसकियों के बीच उन्होंने थाना प्रभारी से कहा— “साहब… हमारे कलेजे के टुकड़े को लौटा दो… हमारे लाल ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उसे मार दिया… हमारे पुत्र के हत्यारे को जल्दी गिरफ्तार कर उसे कड़ी सजा दो साहब…” मां की इस करुण पुकार को सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल शोक में डूब गया।
थाना प्रभारी असीत कुमार सिंह ने कौशल्या देवी को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मेयर संजीव सिंह ने भी साफ शब्दों में कहा कि बाघमारा में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक द्वारा लिखे गए पत्र में जिन नामों का जिक्र है, उनकी निष्पक्ष जांच कर जल्द दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शुभम यादव को न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके।
इस सनसनीखेज खुलासे और मां के दर्द भरे विलाप के बाद पूरे बाघमारा इलाके में आक्रोश और बेचैनी बढ़ गई है। स्थानीय लोग लगातार दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। शुभम यादव हत्याकांड ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं—अब हर नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

